बेहतर पुलिसिंग और व्यवहार कुशलता से बनाई अलग पहचान

सूरजपुर—जिले में सुदृढ़ कानून-व्यवस्था, अनुशासित पुलिसिंग तथा आमजन से सौहार्दपूर्ण व्यवहार के माध्यम से अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाले पुलिस अधिकारियों के स्थानांतरण पर पुलिस परिवार सूरजपुर द्वारा सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। सोमवार, 12 जनवरी 2026 को आयोजित विदाई समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष महतो, सीएसपी एस.एस. पैंकरा एवं एसडीओपी प्रेमनगर नरेन्द्र सिंह पुजारी को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
विदित हो कि संतोष महतो का स्थानांतरण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अअवि) पुलिस मुख्यालय रायपुर, एस.एस. पैंकरा का डीएसपी यातायात जिला रायपुर तथा नरेन्द्र सिंह पुजारी का डीएसपी बालक विरुद्ध अपराध अन्वेषण शाखा, जिला कोण्डागांव के पद पर हुआ है।
इस अवसर पर डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने तीनों अधिकारियों की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि वे कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित और जिम्मेदार पुलिस अधिकारी रहे हैं। उन्होंने टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जिले में बेहतर पुलिसिंग की मिसाल पेश की, जिससे आमजन का पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हुआ।

उन्होंने कहा कि पुलिस स्टाफ के साथ इनका व्यवहार सदैव सहयोगात्मक और प्रेरणादायी रहा। विभिन्न पुलिस अभियानों में इनकी सक्रिय भूमिका रही, जिससे कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनी रही। डीआईजी एवं एसएसपी ने तीनों अधिकारियों को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं।

विदाई समारोह में नवपदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन, एसडीओपी ओड़गी राजेश जोशी, डीएसपी अनूप एक्का, रीना नीलम कुजूर, डीएसपी अजाक पी.डी. कुजूर, सहित जिले के थाना एवं चौकी प्रभारी एवं पुलिस स्टाफ उपस्थित रहे।

