
एमसीबी/12 जनवरी 2026/
मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में 26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस का आयोजन भव्य, सुव्यवस्थित एवं गरिमामय ढंग से संपन्न कराने हेतु जिला प्रशासन ने तैयारियाँ प्रारंभ कर दी हैं। इस संबंध में 7 जनवरी 2026 को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर डी. राहुल वेंकट की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें अपर कलेक्टर, पुलिस अधिकारी एवं समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह आमाखेरवा ग्राउंड, मनेन्द्रगढ़ में आयोजित किया जाएगा। समारोह स्थल की साफ-सफाई, मंच निर्माण, ट्रैक लाइनिंग, बैठक व्यवस्था, विद्युत, पेयजल, सुरक्षा, साज-सज्जा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए विभागवार दायित्व निर्धारित किए गए।
समारोह के दौरान पुलिस, होमगार्ड, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, वन रक्षक एवं कोटवार द्वारा आकर्षक परेड प्रस्तुत की जाएगी। परेड का अभ्यास 20 जनवरी से प्रारंभ होगा, जबकि अंतिम रिहर्सल 24 जनवरी 2026 को आयोजित की जाएगी। ध्वजारोहण प्रातः 9 बजे किया जाएगा।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, विभागीय झांकियां एवं प्रदर्शनी भी लगाई जाएंगी। चिकित्सा व्यवस्था, फोटोग्राफी, मीडिया समन्वय, आमंत्रण पत्र वितरण, पुरस्कार वितरण, सुरक्षा एवं अतिथि सत्कार की जिम्मेदारी संबंधित विभागों को सौंपी गई है। सम्पूर्ण समारोह के नोडल अधिकारी अपर कलेक्टर अनिल कुमार सिदार होंगे।
कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध, समन्वित एवं गंभीरता से निर्वहन सुनिश्चित किया जाए, ताकि गणतंत्र दिवस समारोह जिले में अनुकरणीय एवं स्मरणीय बन सके।
