मनेन्द्रगढ़ – नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश
मनेन्द्रगढ़। डॉ. आर.एन. शिक्षा महाविद्यालय, मनेन्द्रगढ़ के छात्राध्यापकों एवं छात्राध्यापिकाओं द्वारा समाज में बढ़ते नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर से एक जागरूकता रैली निकाली गई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गोपाल शीत गृह तिराहा पहुँची, जहां नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया।


नाटक के माध्यम से कलाकारों ने नशे के कारण व्यक्ति, परिवार और समाज पर पड़ने वाले गंभीर दुष्परिणामों को प्रभावी ढंग से दर्शाया। नशे से स्वास्थ्य, आर्थिक स्थिति और सामाजिक रिश्तों पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को सरल और भावनात्मक प्रस्तुति के जरिए समझाया गया। इसके साथ ही पोस्टर प्रदर्शन और प्रेरक नारों के माध्यम से आमजनों को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया गया।


इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य नरेंद्र कुमार श्रीवास्तव, समस्त सहायक प्राध्यापक, स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी रही। उपस्थित नागरिकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए उपयोगी बताया।

Spread the love