मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (छ.ग.):
छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ़ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्रीज जिला मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एम.सी.बी.) के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों द्वारा मंडल रेल प्रबंधक (दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर) के आगमन पर एक महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपा गया है। चैंबर ने क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्रियों की समस्याओं के निराकरण को लेकर कई प्रमुख मांगें रखी हैं।


प्रमुख मांगें एवं बिंदु:
एसी कोचों का विस्तार: चिरमिरी-बिलासपुर ट्रेन में वर्तमान में संचालित 3AC कोच हमेशा फुल रहता है, इसलिए यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इसके साथ 2AC का एक अतिरिक्त कोच भी जोड़ा जाए।
ट्रेन का विस्तार (गोंदिया तक): चिरमिरी-बिलासपुर ट्रेन को गोंदिया तक बढ़ाया जाए, जिससे जिले की जनता को राजधानी तक सीधी रेल सेवा का लाभ मिल सके।


चिरमिरी-रीवा ट्रेन संचालन: चिरमिरी-रीवा ट्रेन का संचालन पूर्व की भांति सप्ताह के सातों दिन किया जाए।


शहडोल-नागपुर ट्रेन का मार्ग विस्तार: शहडोल-नागपुर ट्रेन को चिरमिरी तक बढ़ाया जाना चाहिए, जिससे कोयलांचल क्षेत्र के नागरिकों को सुविधा मिलने के साथ-साथ रेलवे की आय में भी वृद्धि होगी।


नई मेमू ट्रेन का संचालन: चिरमिरी और बिलासपुर के मध्य एक नई मेमू ट्रेन चलाई जाए। प्रस्तावित समय सारणी के अनुसार यह ट्रेन प्रातः 5:00 बजे चिरमिरी से रवाना होकर 11:00 बजे बिलासपुर पहुँचे और दोपहर 12:00 बजे बिलासपुर से प्रस्थान कर शाम 6:00 बजे चिरमिरी वापस लौटे।


लोको शेड का निर्माण: कोच और इंजन की मरम्मत (रिपेयरिंग) के लिए पूर्व की भांति मनेंद्रगढ़ में लोको शेड का पुनः निर्माण कराया जाए।


ज्ञापन सौंपने वालों में छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ़ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्रीज के जिला अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज जैन, और प्रदेश मंत्री संजीव ताम्रकार सहित अन्य व्यापारीगण प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। चैंबर ने पूर्ण विश्वास जताया है कि रेल प्रशासन इन मांगों पर सकारात्मक विचार करते हुए इन्हें जल्द पूरा करेगा।

Spread the love