मनेंद्रगढ़, 8 जुलाई 2026
“पेड़ हमारे दोस्त हैं, ये हमें सांस लेने के लिए साफ हवा देते हैं। क्या आपको भी पेड़ों से प्यार है? आइए, हम सब मिलकर एक पेड़ लगाएँ…”
यह कोई किताबी नारा नहीं, बल्कि उन नन्हे-मुन्ने बच्चों की मासूम और भावुक अपील है, जिनके हाथों ने आज पर्यावरण संरक्षण की एक नई इबारत लिखी। अवसर था ‘लिटिल मिलेनियम प्री स्कूल’ मनेंद्रगढ़ द्वारा आयोजित ‘वन महोत्सव’ का, जहाँ किंडरगार्टन-2 (KG-2) के बच्चों ने प्रकृति के प्रति अपनी  प्रेम का प्रदर्शन किया।


बच्चों को किताबी दुनिया से बाहर निकालकर पर्यावरण का व्यावहारिक ज्ञान देने के लिए स्कूल प्रबंधन द्वारा उन्हें एक खुले मैदान में ले जाया गया। वहाँ का नजारा बेहद खूबसूरत और प्रेरणादायी था। कुछ बच्चों ने जहाँ पूरे आत्मविश्वास के साथ अकेले मिट्टी खोदकर पौधा रोपा, वहीं कुछ बच्चों ने टोलियाँ बनाकर टीम वर्क (सामूहिक प्रयास) कीया । कोई नन्हा हाथ पौधा थामे था, कोई मिट्टी डाल रहा था, तो कोई अपनी छोटी पानी की बोतल से पौधों को सींच रहा था


बड़ों को दे गए बड़ी सीख……
कार्यक्रम के दौरान बच्चों का उत्साह और पर्यावरण के प्रति उनकी समझ देखने लायक थी। उन्होंने बड़ों को आईना दिखाते हुए बेहद मासूमियत से कहा, “हमें अपनी धरती को बचाने के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाने चाहिए। पेड़ हमें प्राणवायु (ऑक्सीजन), फल और छाया देते हैं। पेड़ बचाओ, जीवन बचाओ।” नन्हे बच्चों की इस प्यारी सी अपील ने वहाँ मौजूद हर शख्स का दिल जीत लिया और सोचने पर मजबूर कर दिया।
कुशल मार्गदर्शन में सफल आयोजन….
वन महोत्सव का यह पूरा कार्यक्रम स्कूल के निदेशकों (डायरेक्टर्स) मोहम्मद फिरोज और रूहीन मंसूरी के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में मुख्य शिक्षण अधिकारी (चीफ लर्निंग ऑफिसर) स्मृति गुप्ता, समन्वयक (कोऑर्डिनेटर) निशि विश्वकर्मा, प्रबंधक (मैनेजर) इलियास खान, तथा कक्षा शिक्षिका तस्लीम मंसूरी व श्रद्धा साव का सराहनीय सहयोग रहा।


बच्चों के इस उत्साहपूर्ण और पवित्र प्रयास के साथ यह वन महोत्सव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जो समाज को यह संदेश दे गया कि अगर धरती का भविष्य सुरक्षित करना है, तो इसकी शुरुआत आज के बच्चों के संस्कारों से ही होगी।

Spread the love