बिलासपुर, 02 जुलाई 2026:
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल के वाणिज्य विभाग द्वारा उत्कृष्ट कार्य संस्कृति को प्रोत्साहित करने तथा कर्मचारियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें टिकट चेकिंग में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले 06 रेल कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र एवं नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।


यह सम्मान मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन द्वारा प्रदान किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कर्मचारियों के उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण, ईमानदारी एवं उत्साह के साथ कार्य करते रहने की शुभकामनाएं दीं।


विशेष चेकिंग अभियानों में मिला बड़ा राजस्व
वाणिज्य विभाग के अनुसार, टिकट चेकिंग टीमों ने अलग-अलग ट्रेनों में मुस्तैदी दिखाते हुए बिना टिकट यात्रा करने वालों पर कार्रवाई की और रेलवे को बड़ा राजस्व दिलाया:


सांतरागाछी–पुणे हमसफर एक्सप्रेस (03 मई 2026): गाड़ी संख्या 20822 में राउरकेला से बिलासपुर के मध्य ड्यूटी के दौरान मुख्य टिकट निरीक्षक (सीटीआई) एस. के. गुईन, सीसीटीसी प्रफुल्ल कुमार तथा टीटीआई आर. वी. पटेल ने उत्कृष्ट टिकट जांच अभियान चलाया। इस टीम ने 42 मामले दर्ज कर 1,03,670 रुपये का राजस्व अर्जित किया।


शालीमार–लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस (08 जून 2026): गाड़ी संख्या 12102 में इसी रूट पर ड्यूटी के दौरान टीटीआई संदीप सिंह, नरेश आदित्य एवं कुंदन सिंह ने टिकट जांच में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस टीम ने कुल 163 मामले दर्ज कर 1,36,700 रुपये का राजस्व वसूला।


अधिकारियों ने दी बधाई
इन सभी कर्मचारियों के सराहनीय कार्य को देखते हुए वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह द्वारा उन्हें पुरस्कृत करने की अनुशंसा की गई थी। सम्मान समारोह के दौरान अनुराग कुमार सिंह भी उपस्थित रहे। वाणिज्य विभाग के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी सम्मानित सहयोगियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
गौरतलब है कि वाणिज्य विभाग यात्रियों को टिकट जारी करने, पार्सल बुकिंग, आरक्षण सेवाओं, यात्री सुविधाओं के विकास और खानपान सेवाओं सहित अनेक महत्वपूर्ण कार्यों का संचालन करता है, जिसमें पारदर्शिता और प्रभावशीलता बनाए रखने के लिए ऐसे प्रोत्साहन निरंतर दिए जा रहे हैं।

Spread the love