चैत्र नवरात्रि पर मानवता की मिसाल: व्यवसायिक दंपत्ति ने रक्तदान कर मनाया जन्मदिन, समाज को दिया ‘जीवनदान’ का संदेश

अश्वनी अग्रवाल &आशा अग्रवाल रक्तदान करते हुए


मनेंद्रगढ़। चैत्र नवरात्रि के पावन पर्व पर जहाँ लोग शक्ति की उपासना में लीन हैं, वहीं मनेंद्रगढ़ के एक प्रतिष्ठित व्यवसायिक दंपत्ति ने अपनी सोच और सेवा भावना से समाज के सामने एक अनूठी मिसाल पेश की है। दीपक ट्रेडर्स के संचालक अश्वनी अग्रवाल और उनकी धर्मपत्नी आशा अग्रवाल ने एक साथ रक्तदान कर न केवल अपना उत्तरदायित्व निभाया, बल्कि पुरानी रूढ़ियों को तोड़कर मानवता की सेवा का संकल्प लिया।


जन्मदिन पर सेवा का अनूठा उपहार:
श्रीमती आशा अग्रवाल का जन्मदिन 27 मार्च को है। अपने इस विशेष दिन को यादगार और सार्थक बनाने के लिए उन्होंने आडंबरों और फिजूलखर्ची से दूर रहकर ‘रक्तदान’ करने का निर्णय लिया। इसी क्रम में बुधवार, 25 मार्च 2026 को दंपत्ति ने केंद्रीय चिकित्सालय (CH) स्थित ब्लड बैंक पहुँचकर जोड़े में एक साथ रक्तदान किया।


सोच बदली, नवरात्रि में किया रक्तदान :
आमतौर पर पर्व-त्योहारों और उपवास के दौरान लोग शारीरिक कमजोरी के डर से रक्तदान करने से हिचकिचाते हैं। लेकिन अग्रवाल दंपत्ति ने इस धारणा को बदलते हुए यह संदेश दिया कि नवरात्रि का अर्थ ही दूसरों की रक्षा और शक्ति का सही उपयोग करना है। उन्होंने बताया कि उनके लिए माँ की सेवा का सबसे बड़ा स्वरूप किसी जरूरतमंद की जान बचाना है।


दंपत्ति का संदेश: ‘रक्तदान ही महादान’
रक्तदान के पश्चात अश्वनी अग्रवाल और आशा अग्रवाल ने भावुक अपील करते हुए कहा—
“हमारी रगों में दौड़ता रक्त अगर किसी मरते हुए इंसान की जिंदगी बचा सके, तो इससे बड़ा कोई सौभाग्य नहीं हो सकता। जन्मदिन तो हर साल आता है, लेकिन इस बार का जन्मदिन किसी के घर का चिराग बचाने के काम आएगा, इसकी हमें आत्मिक संतुष्टि है।”


अस्पताल प्रबंधन ने की सराहना:
केंद्रीय चिकित्सालय के ब्लड बैंक स्टाफ और उपस्थित चिकित्सकों ने इस पहल की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि जब समाज के प्रतिष्ठित और जागरूक व्यक्ति इस तरह आगे आते हैं, तो रक्त की कमी से होने वाली मौतों को रोका जा सकता है। यह कदम स्थानीय युवाओं और अन्य दंपत्तियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।

Spread the love