मानवता की मिसाल: सड़क दुर्घटना में घायलों की जान बचाने वाले ‘राहवीरों’ को मिला 25-25 हजार का सम्मान


मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर। भारत सरकार के परिवहन मंत्रालय द्वारा संचालित ‘राहवीर योजना’ के तहत जिला पुलिस प्रशासन ने सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने वाले सजग नागरिकों को सम्मानित किया है। मंगलवार को मंगल भवन, पोड़ी में आयोजित एक गरिमामय समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने चार ‘राहवीरों’ को ₹25,000-₹25,000 की प्रोत्साहन राशि के चेक प्रदान किए।


इन राहवीरों का हुआ सम्मान:
पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में उन नागरिकों को पुरस्कृत किया गया जिन्होंने अपनी तत्परता से घायलों की जान बचाई:


विनोद साहू (सेमरा): इन्होंने 29 नवंबर 2025 को घायल शिवशंकर और बीरबल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
मोहम्मद जाकिर (हल्दीबाड़ी): इन्होंने 15 दिसंबर 2025 को घायल सीमांचल की मदद की।


शाहनवाज अली (नागपुर): इन्होंने 28 दिसंबर 2025 को घायल अनिल को अपने वाहन से अस्पताल पहुँचाकर भर्ती कराया।


महेश साहू (महाराजपुर): इन्होंने 02 जनवरी 2026 को घायल बाल सिंह को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई।


पुलिस और प्रशासन की अपील:
आईजी सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा के निर्देशानुसार जिले में इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। समारोह के दौरान मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि सड़क दुर्घटना के समय ‘गोल्डन ऑवर’ (पहला एक घंटा) में घायलों को अस्पताल पहुँचाना पुण्य का कार्य है।
कार्यक्रम में सीएसपी चिरमिरी दीपिका मिंज, नगर निगम अध्यक्ष राम नरेश राय, एसआई विजय सिंह सहित पुलिस स्टाफ और लगभग 100 गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पुलिस विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे दुर्घटना के समय घायलों की मदद के लिए आगे आएं और ‘राहवीर योजना’ का लाभ उठाकर मानवता का परिचय दें।

Spread the love