चुनावी चाक-चौबंध: एमसीबी जिले में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, 17 को रायपुर में घेरेंगे विधानसभा
एकजुटता का संकल्प: मनरेगा बचाने के लिए मनेंद्रगढ़ से रायपुर तक लड़ेगी कांग्रेस
जमीनी पकड़ पर जोर: पंचायत और वार्ड स्तर पर कमेटियां बनाकर संगठन को धार देगी कांग्रेस

मनेंद्रगढ़ /एम सी बी | छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को संपन्न हुई। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने अद्भुत एकजुटता प्रदर्शित करते हुए ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ के तहत 17 मार्च को रायपुर में प्रस्तावित विधानसभा घेराव को सफल बनाने की रणनीति तैयार की। साथ ही, संगठन को बूथ स्तर पर अभेद्य बनाने के लिए पंचायत एवं वार्ड कमेटियों के गठन पर विस्तृत चर्चा की गई।

मजदूरों के हक के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष
प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी जेपी श्रीवास्तव ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार मनरेगा जैसी जनहितकारी योजना को कमजोर कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर प्रहार कर रही है। कांग्रेस पार्टी मजदूरों और गरीबों के अधिकारों के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से रायपुर घेराव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया।

कार्यकर्ता ही संगठन की वास्तविक शक्ति
पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने मनरेगा को ग्रामीण जीवन की ‘जीवनरेखा’ बताते हुए कहा कि भाजपा के अन्याय के विरुद्ध कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी। संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि पंचायत और वार्ड स्तर पर कमेटियों का गठन पार्टी को सीधे जनता से जोड़ने का कार्य करेगा।

दिग्गजों की मौजूदगी ने फूंकी जान
बैठक के दौरान वरिष्ठ नेताओं ने समर्पित कार्यकर्ताओं का सम्मान कर उनमें उत्साह भरा। इस अवसर पर वरिष्ठ नेता रमेश चंद्र सिंह, जिला उपाध्यक्ष रवि प्रताप सिंह, पूर्व नपा अध्यक्ष प्रभा पटेल, जिला महामंत्री रफीक मेमन, और किसान कांग्रेस अध्यक्ष उपेंद्र द्विवेदी,कृष्ण मुरारी तिवारी निर्मला चतुर्वेदी,पूनम सिंह सहित भारी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित रहे। नेताओं की इस सामूहिक उपस्थिति ने जिले में कांग्रेस की सांगठनिक एकता और सक्रियता का स्पष्ट संदेश दिया है।
