जनकपुर | ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जनकपुर एवं कोटाडोल के नवनियुक्त पदाधिकारियों के सम्मान में रविवार को जनकपुर में एक विशेष सांगठनिक बैठक सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक गुलाब कमरो एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला कांग्रेस कमेटी (एमसीबी) के उपाध्यक्ष रवि प्रताप सिंह उपस्थित रहे। इस दौरान वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में नवीन दायित्वों को संभालने वाले पदाधिकारियों का पुष्पमाला एवं गमछा पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया।


निष्ठा और समर्पण से गांव-गांव तक पहुंचेगी विचारधारा
समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव जनहित और सामाजिक न्याय की पक्षधर रही है। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा, “संगठन की वास्तविक शक्ति हमारे कार्यकर्ताओं में निहित है। नवीन पदाधिकारी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य करें।” उन्होंने पदाधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे आम जनता की समस्याओं के समाधान हेतु निरंतर सक्रिय रहेंगे।


संगठन की मजबूती पर विशेष मंथन
कार्यक्रम में पार्टी द्वारा जारी आगामी दिशा-निर्देशों और सांगठनिक नीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। नेताओं ने आह्वान किया कि कार्यकर्ता एकजुट होकर संगठन को ग्राम स्तर तक सशक्त बनाने का संकल्प लें। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जनकपुर के अध्यक्ष अंकुर प्रताप सिंह, कोटाडोल अध्यक्ष रामू सिंह और किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष उपेंद्र द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया और सभी ने संगठनात्मक लक्ष्यों को प्राप्त करने का दृढ़ निश्चय किया।

Spread the love