अवैध नशे और अपराधों पर अंकुश के बाद अब यातायात व्यवस्था सुधारने की मुहिम तेज
मनेंद्रगढ़। जिला मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) में सड़क सुरक्षा को पुख्ता करने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में जिले में बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के विरुद्ध एक विशेष अभियान छेड़ा गया है, जिसके तहत महज चार दिनों के भीतर 72 वाहनों पर चालानी कार्रवाई की गई है।
चेकिंग अभियान से मचा हड़कंप
पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार, मनेंद्रगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक दीपेश सैनी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों और चौक-चौराहों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने विशेष रूप से उन वाहनों को अपना निशाना बनाया जो बिना नंबर प्लेट के सड़क पर फर्राटा भर रहे थे। पुलिस की इस सक्रियता से नियम तोड़ने वालों में हड़कंप की स्थिति रही।
अभियान के दौरान पुलिस ने न केवल मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान काटे, बल्कि वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया। पुलिस टीम ने लोगों को समझाइश दी कि:
वाहन पर स्पष्ट नंबर प्लेट होना अनिवार्य है।
नियमों का पालन करना स्वयं की और दूसरों की सुरक्षा के लिए आवश्यक है।
बिना नंबर के वाहन अक्सर आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाते हैं, इसलिए ऐसे वाहनों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
अवैध कारोबार और अपराध पर लगाम
उल्लेखनीय है कि जब से जिले की कमान श्रीमती रत्ना सिंह ने संभाली है, तब से अवैध कारोबार और नशे के सौदागरों के खिलाफ निरंतर प्रहार किया जा रहा है। कड़े तेवरों के कारण जिले में आपराधिक ग्राफ में भी गिरावट दर्ज की गई है। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट संदेश दिया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और यह अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा।
“सड़क सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। बिना नंबर प्लेट वाहन चलाना न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि सुरक्षा की दृष्टि से भी गंभीर है। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।”
रत्ना सिंह, पुलिस अधीक्षक, एमसीबी
