कांग्रेसी प्रबंधक को पिंजरा देते हुए

धान खरीदी में प्रदेशव्यापी घोटाले के खिलाफ ब्लॉक कांग्रेस का प्रतीकात्मक विरोध

भाजपा सरकार चूहों के नाम पर कर रही किसानों से लूट – ‘चूहा पकड़ने की जाली’ भेंट कर जताया आक्रोश


चैनपुर। धान खरीदी में कथित अनियमितताओं और घोटाले के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चैनपुर धान खरीदी केंद्र पहुंचकर प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने धान खरीदी प्रबंधक को पिंजरे सौंपते हुए तीखा व्यंग्य किया और कहा कि यदि धान चूहे खा रहे हैं तो “चार पैर वाले चूहों” को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया जाए।
कांग्रेस नेता सौरव मिश्रा ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार के संरक्षण में धान खरीदी घोटाला हो रहा है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि गोदाम में चार पैर वाला चूहा धान खा लेता है तो उसे प्राकृतिक नुकसान माना जा सकता है, लेकिन यदि “दो पैर वाला चूहा” यानी भ्रष्टाचार के जरिए धान या किसानों का पैसा हड़पता है, तो वह सीधा घोटाला है। ऐसे मामलों में कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी और हर स्तर पर विरोध करेगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि धान खरीदी प्रक्रिया में किसानों को लगातार परेशान किया जा रहा है और उनके हक के पैसे पर डाका डाला जा रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि धान खरीदी में पारदर्शिता नहीं लाई गई और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने किसानों के हितों की रक्षा का संकल्प दोहराया और कहा कि किसानों का एक भी पैसा कोई नहीं ले पाएगा। इस प्रतीकात्मक प्रदर्शन से धान खरीदी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।



ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ शहर के अध्यक्ष सौरव मिश्रा ने कहा कि किसान दिन-रात मेहनत कर धान उपजाता है, लेकिन खरीदी केंद्रों में चूहों के नाम पर भ्रष्टाचार कर किसानों के धान को खाया जा रहा है। किसानों के अधिकारों का हनन किया जा रहा है। यह प्रशासनिक लापरवाही नहीं बल्कि भाजपा सरकार के संरक्षण में चल रहा सीधा भ्रष्टाचार है। कांग्रेस किसानों के सम्मान और अधिकारों की इस लड़ाई को किसी भी कीमत पर कमजोर नहीं पड़ने देगी।

पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रभा पटेल ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियां पूरी तरह किसान विरोधी हैं। धान खरीदी में हो रही अनियमितताएं यह साबित करती हैं कि सरकार किसानों के प्रति पूरी तरह संवेदनहीन हो चुकी है।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजकुमार केसरवानी ने कहा कि पूरे प्रदेश में एक जैसी गड़बड़ियां सामने आना यह दर्शाता है कि यह योजनाबद्ध घोटाला है, जिसमें असली दोषियों को बचाने के लिए चूहों को बदनाम किया जा रहा है।

पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष कृष्ण मुरारी तिवारी ने कहा कि धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता पूरी तरह खत्म हो चुकी है। किसानों को जानबूझकर परेशान किया जा रहा है, जिसे कांग्रेस कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।

नेता प्रतिपक्ष अनिल प्रजापति ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि धान खरीदी में हो रहे भ्रष्टाचार पर तत्काल रोक नहीं लगी और किसानों को उनका पूरा भुगतान नहीं मिला, तो कांग्रेस इस आंदोलन को और अधिक व्यापक एवं उग्र रूप देगी।

जिला अध्यक्ष महिला कांग्रेस रूमा चटर्जी ने कहा कि किसानों के साथ हो रहे इस अन्याय से उनके परिवारों की महिलाएं भी प्रभावित हो रही हैं। कांग्रेस किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है और यह संघर्ष लगातार जारी रहेगा।

इस कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ शहर के अध्यक्ष सौरव मिश्रा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रभा पटेल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजकुमार केसरवानी, पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष कृष्ण मुरारी तिवारी, नेता प्रतिपक्ष अनिल प्रजापति, जिला अध्यक्ष युवा कांग्रेस हाफिज मेमन, जिला अध्यक्ष महिला कांग्रेस रूमा चटर्जी, जिला अध्यक्ष आदिवासी कांग्रेस अमोल सिंह, मंडलम अध्यक्ष अमीर सिंह श्याम, दीपक श्रीवास्तव, अभय बड़ा, पार्षद अजय जायसवाल, स्वप्निल सिन्हा, रंजन शर्मा, अनिल केरकेट्टा, स्नेहिल शुक्ला, नाहर सिंह, पूनम सिंह, गीतिका चंदेल, मोहानी महतों, ममता रजक, शिवम सिंह, मोती सिंह, गोपाल गुप्ता सहित बड़ी संख्या में किसान, कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, लेकिन कांग्रेस ने स्पष्ट कर दिया कि किसानों के हितों की यह लड़ाई अब सड़क से लेकर सदन तक पूरी मजबूती के साथ लड़ी जाएगी।

Spread the love