चिरमिरी |
एमसीबी जिले के चिरमिरी अंतर्गत गेल्हापानी क्षेत्र के लिए मंगलवार का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब लगभग 20 वर्षों की प्रतीक्षा के बाद क्षेत्रवासियों को अस्थाई स्वास्थ्य केंद्र की सौगात मिली। मनेन्द्रगढ़ विधायक एवं प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की पहल से अब क्षेत्र में सप्ताह में दो दिन डॉक्टर, नर्स तथा आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था प्रारंभ की गई है।


फिलहाल यह अस्थाई स्वास्थ्य सेवा स्थानीय सामुदायिक भवन में संचालित की जा रही है, जहां नियमित रूप से मरीजों का उपचार किया जाएगा। वर्षों से इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का रुख करने को मजबूर ग्रामीणों को अब अपने ही क्षेत्र में प्राथमिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। स्वास्थ्य केंद्र के शुभारंभ से क्षेत्र में खुशी और राहत का माहौल देखा गया।


उद्घाटन अवसर पर स्थानीय नागरिकों ने डॉक्टरों का फूलों से स्वागत कर सम्मान किया। विकासखंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनीष सिंह ने बताया कि यह सुविधा स्वास्थ्य मंत्री के विशेष प्रयासों से संभव हो सकी है। यहां सामान्य रोगों का उपचार किया जाएगा, जबकि गंभीर मामलों में मरीजों को जिला अस्पताल रेफर किया जाएगा।


स्थानीय नागरिकों का कहना है कि स्वास्थ्य मंत्री के नेतृत्व में क्षेत्र की कॉलरियों और ग्रामीण इलाकों में चिकित्सा सुविधाओं का लगातार विस्तार हो रहा है। इस पहल के लिए भाजपा पदाधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अस्थाई स्वास्थ्य केंद्र की शुरुआत को ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

Spread the love