
जिले में “बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान” के तहत विद्यार्थियों को दी गई विस्तृत जानकारी
एमसीबी/10 सितम्बर 2025।
जिले में बालिकाओं की सुरक्षा और बाल विवाह रोकथाम को लेकर एक महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला कलेक्टर डी. राहुल वेंकट के निर्देशानुसार, जिला कार्यक्रम अधिकारी आर.के. खाती के मार्गदर्शन और जिला बाल संरक्षण अधिकारी सुश्री कोमल सिंह के नेतृत्व में स्वामी आत्मानंद इंग्लिश/हिंदी मीडियम एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केल्हारी में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को “बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़” और “सेफगार्डिंग फॉर गर्ल चाइल्ड” जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए गुड टच-बैड टच की पहचान, साइबर सुरक्षा के उपाय और बच्चों व महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े कानूनों के बारे में समझाया गया।
विशेषज्ञों ने बताया कि जरूरत पड़ने पर
चाइल्ड हेल्पलाइन 1098,
महिला हेल्पलाइन 181 तथा
आपातकालीन नंबर 112
पर 24 घंटे किसी भी समय मदद ली जा सकती है।
साथ ही, बाल विवाह से होने वाले सामाजिक और मानसिक दुष्परिणामों पर चर्चा की गई और छात्रों को जागरूक किया गया कि वे बाल विवाह जैसी कुप्रथा के खिलाफ समाज में बदलाव लाने की जिम्मेदारी निभाएँ।
अधिकारियों ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे जिम्मेदार नागरिक बनकर अपने आसपास होने वाली बाल विवाह, उत्पीड़न या हिंसा जैसी घटनाओं की सूचना तुरंत संबंधित हेल्पलाइन नंबर पर दें।
इस अवसर पर उपस्थित शिक्षकों और विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे बाल विवाह रोकथाम और बालिका सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दों पर समाज में जागरूकता फैलाएँगे।


