भरतपुर एसडीएम ने स्कूलों का किया निरीक्षण, शिक्षकों को दिए परिणाम सुधारने के सुझाव

भरतपुर। शिक्षा व्यवस्था को सशक्त और परिणामोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से भरतपुर एसडीएम शशि शेखर मिश्रा ने शुक्रवार को कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल जनकपुर एवं हायर सेकेंडरी स्कूल बहरासी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं में जाकर पढाई और शिक्षण गतिविधियों का गहन अवलोकन किया।
निरीक्षण के बाद एसडीएम मिश्रा ने दोनों विद्यालयों के शिक्षकों की संयुक्त बैठक ली और बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने शिक्षकों को समय-सारणी का सख्ती से पालन करने, रोचक एवं नवाचारी शिक्षण विधियों का उपयोग करने, तथा विषयवस्तु को सरलता से छात्रों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।
एसडीएम ने परीक्षा परिणामों को बेहतर बनाने के लिए यूनिट टेस्ट, मासिक मूल्यांकन एवं ब्लू प्रिंट आधारित प्रश्न-पत्र तैयार कर विद्यार्थियों से निरंतर अभ्यास कराने की सलाह दी। इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी मोहम्मद इस्माइल खान, मंडल संयोजक संजय पटेल, प्राचार्य दिवाकर तिवारी, प्राचार्य सच्चिदानंद साहू सहित दोनों स्कूलों का स्टाफ उपस्थित रहा।
एसडीएम मिश्रा ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी स्तरों पर सतत निगरानी एवं मार्गदर्शन किया जाएगा।


