मनेन्द्रगढ़ | नगर पंचायत खोंगापानी के वार्ड क्रमांक 10 स्थित तपोभूमि शिवमंदिर परिसर तक पेयजल पाइपलाइन विस्तार की मांग को लेकर पार्षद पी मनी ने सोमवार को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में अमृत मिशन 2.0 योजना के तहत मंदिर परिसर तक पाइपलाइन बिछाकर नियमित पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
पार्षद ने बताया कि तपोभूमि शिवमंदिर क्षेत्र आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। श्रावण मास में यहां हजारों श्रद्धालुओं का आगमन होता है, लेकिन पर्याप्त पेयजल व्यवस्था नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ज्ञापन में कहा गया है कि शासन की अमृत मिशन 2.0 योजना के तहत शहरी क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति का विस्तार किया जा रहा है। ऐसे में तपोभूमि क्षेत्र को भी योजना से जोड़ते हुए मंदिर परिसर तक पाइपलाइन का विस्तार कराया जाए, ताकि श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिल सके।
पार्षद ने जनहित को देखते हुए प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है।

Spread the love