
टंकण त्रुटि सुधार के बाद प्रतिकर राशि 2.37 करोड़ से बढ़कर 4.66 करोड़ हुई
एमसीबी/मनेंद्रगढ़ | 30 जनवरी 2026।
प्रस्तावित चिरमिरी–नागपुर रोड हाल्ट (17 कि.मी.) रेल परियोजना के अंतर्गत ग्राम खैरबना, तहसील मनेंद्रगढ़ में अधिग्रहण हेतु प्रस्तावित भूमि के प्रतिकर निर्धारण को लेकर प्रशासन द्वारा एक महत्वपूर्ण शुद्धिपत्र जारी किया गया है।
उल्लेखनीय है कि ज्ञापन क्रमांक 7690, दिनांक 24 दिसंबर 2025 के माध्यम से ग्राम खैरबना के कुल 38 खसरे, कुल 8.020 हेक्टेयर भूमि के लिए मुआवजा गणना पत्रक के अनुसार 2,37,04,135 रुपये की प्राथमिक प्रतिकर राशि आकलित की गई थी।
दावा-आपत्ति सुनवाई में सामने आई टंकण त्रुटि
इस संबंध में 28 जनवरी 2026 को आयोजित दावा-आपत्ति सुनवाई के दौरान यह तथ्य संज्ञान में आया कि प्रतिकर की गणना करते समय ब्याज सहित प्रतिकर की कुल अनंतिम देय राशि निकाली गई थी, किंतु गणना अनुक्रम में कुल योग दर्शाने वाले कॉलम में कॉलम क्रमांक 16 एवं 17 में 100 प्रतिशत तोषण (Solatium) की राशि टंकण त्रुटिवश शामिल नहीं हो पाई थी।
अंतिम अधिनिर्णय में जोड़ी जाएगी तोषण राशि
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह त्रुटि केवल टंकण संबंधी है। अंतिम प्रतिकर निर्धारण (अधिनिर्णय) जारी करते समय तोषण की राशि को विधिवत रूप से जोड़ते हुए अधिनिर्णय जारी किया जाएगा।
कुल अनंतिम प्रतिकर राशि 4.66 करोड़ रुपये
जारी शुद्धिपत्र के अनुसार, यदि 100 प्रतिशत तोषण राशि को जोड़ा जाए तो ग्राम खैरबना स्थित अधिग्रहित भूमियों के लिए कुल अनंतिम प्रतिकर राशि 4,66,87,418 रुपये निर्धारित होती है।
प्रशासन द्वारा यह शुद्धिपत्र पारदर्शिता एवं भूमि स्वामियों को प्रतिकर राशि को लेकर किसी प्रकार का भ्रम न हो, इस उद्देश्य से सर्वसंबंधितों की जानकारी हेतु जारी किया गया है।
