मनेंद्रगढ़।
साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे मज़दूर कांग्रेस, मनेंद्रगढ़ शाखा द्वारा रेल कर्मचारियों एवं उनके परिवारों से जुड़ी ज्वलंत समस्याओं को लेकर वरिष्ठ रेल अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया गया है। संगठन के संयुक्त महासचिव राजेश खोब्रागड़े और शाखा सचिव खुर्शीद आलम मनेंद्रगढ़ शाखा ने इस संबंध में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर के महाप्रबंधक को पत्र प्रेषित किया है।
पत्र में बताया गया कि विजुरी क्षेत्र में C&W एवं रनिंग स्टाफ की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है, लेकिन सीमित आवास सुविधा के कारण कर्मचारियों को रेलवे परिसर के बाहर किराये के मकानों में रहना पड़ रहा है। ऐसे में विजुरी रेलवे परिसर में नवीन रेल आवास निर्माण अत्यंत आवश्यक है।
इसके साथ ही विजुरी स्टेशन पर कार्यरत कर्मचारियों के लिए मोटरसाइकिल स्टैंड निर्माण, इंजीनियरिंग विभाग में कर्मचारियों हेतु सुविधायुक्त गैंग हट का निर्माण, तथा इंजीनियरिंग विभाग में रात्रि कार्य के दौरान प्रकाश व्यवस्था की समस्याओं का समाधान करने की मांग की गई है
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि विजुरी से अंबिकापुर तक की साइडिंग की दूरी एवं टाइमिंग वर्षों पुरानी है, जबकि कार्यशैली में काफी परिवर्तन आ चुका है, अतः इसका पुनर्निर्धारण आवश्यक है। साथ ही सूरजपुर से परसा एवं सूरजपुर से अंबिकापुर को नोटिफाइड स्टेशन घोषित करने की मांग रखी की गई है
इसके अलावा RMC Sick Unit/Fit सर्टिफिकेट की सुविधा स्टेशन पर ही लाइन डॉक्टर द्वारा उपलब्ध कराने तथा मनेंद्रगढ़ रेलवे परिसर में रेलवे सांस्कृतिक भवन के जीर्णोद्धार निर्माण की भी मांग की गई है।
संगठन ने आशा व्यक्त की है कि रेल प्रशासन कर्मचारियों की इन समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र निराकरण करेगा।

Spread the love