
एमसीबी/मनेन्द्रगढ़ जिले को स्वास्थ्य क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मिली है। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने अपने सेंट्रल हॉस्पिटल के अंतर्गत जनकल्याणकारी पहल करते हुए 10 शैय्या युक्त योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा केन्द्र के लिए स्थान उपलब्ध कराया है। इस पहल से जिले के नागरिकों को योग, प्राकृतिक चिकित्सा एवं जीवनशैली सुधार आधारित सेवाएं सहज रूप से उपलब्ध होंगी।
केन्द्र के प्रावधिक संचालन को लेकर 05 जनवरी 2026 को कलेक्टर सभा कक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान आयुष विभाग एवं एसईसीएल के मध्य समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर विधिवत हस्ताक्षर किए गए। यह एमओयू एसईसीएल की सामाजिक प्रतिबद्धता एवं सामुदायिक स्वास्थ्य के प्रति उसके दीर्घकालिक दृष्टिकोण को दर्शाता है।
यह समझौता प्रभारी मंत्री श्री रामविचार नेताम एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। एमओयू पर एसईसीएल की ओर से डॉ. संजय कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सेंट्रल हॉस्पिटल आमाखेरवा, मनेन्द्रगढ़ तथा जिला आयुष अधिकारी, एमसीबी द्वारा हस्ताक्षर किए गए।
इस अवसर पर एसईसीएल की टीम से श्री डी.डी. तिवारी, स्टाफ ऑफिसर (एचआर) उपस्थित रहे, जबकि श्री अमन नामदेव, मैनेजर (एचआर) का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।
एसईसीएल के सहयोग से स्थापित यह योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा केन्द्र वर्तमान समय की बदलती जीवनशैली से उत्पन्न तनाव, असंतुलित दिनचर्या एवं शारीरिक निष्क्रियता के कारण होने वाले रोगों की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। केन्द्र के माध्यम से नागरिकों को योग प्रशिक्षण, प्राणायाम, प्राकृतिक उपचार पद्धतियों के साथ-साथ समग्र स्वास्थ्य परामर्श की सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
यह पहल न केवल जिले की निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करेगी, बल्कि समाज में स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी सहायक सिद्ध होगी। एसईसीएल का यह प्रयास उसे एक संवेदनशील, उत्तरदायी एवं जनकल्याणकारी सार्वजनिक उपक्रम के रूप में और अधिक सशक्त पहचान दिलाने वाला साबित होगा।
