एसईसीएल क्षेत्रीय अस्पताल में गर्भाशय ग्रीवा कैंसर जागरूकता अभियान शुरू

मनेन्द्रगढ़। एसईसीएल हसदेव क्षेत्र द्वारा क्षेत्रीय जनहित में किए जा रहे प्रयासों के तहत केन्द्रीय चिकित्सालय आमखेरवा में गर्भाशय ग्रीवा कैंसर (सर्वाइकल कैंसर) के प्रति जागरूकता अभियान प्रारंभ किया गया है। क्षेत्रीय महाप्रबंधक यू.सी. शर्मा के मार्गदर्शन एवं क्षेत्रीय चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय कुमार के नेतृत्व में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) टीकाकरण कार्यक्रम की शुरुआत की गई।
इस अभियान में केन्द्रीय चिकित्सालय, मनेंद्रगढ़ की चिकित्सकीय टीम—वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. पी.के. सिंह, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. के. प्रियता, उप-मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गौरव गुप्ता, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. वाफेमा और मेट्रन श्रीमती सुनंदा लकड़ा—का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के तहत 23 जुलाई 2025 को 15 बालिकाओं एवं महिलाओं को एचपीवी टीका प्रदान कर प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
एचपीवी टीका 9 से 26 वर्ष आयु की बालिकाओं और महिलाओं को गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से बचाव हेतु लगाया जा रहा है। यह अभियान सतत रूप से चलेगा, जिसमें हसदेव क्षेत्र की पात्र बालिकाएं एवं महिलाएं लाभांवित हो सकेंगी।
अस्पताल प्रबंधन ने क्षेत्रवासियों से आह्वान किया है कि वे इस अवसर का लाभ लें और समय पर टीकाकरण करवाकर कैंसर की रोकथाम में सहभागी बनें।

