
मनेन्द्रगढ़/दुर्ग: जिला कूड़ो संघ एमसीबी (मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर) के खिलाड़ियों ने राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए जिले को गौरवान्वित किया है। दुर्ग के स्वामी विवेकानंद सभागार भवन, पदनाभपुर में आयोजित ‘चौथी छत्तीसगढ़ कूड़ो चैंपियनशिप 2026-27’ में जिले की छात्राओं ने स्वर्ण पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया।

इस चैंपियनशिप में प्रदेश के विभिन्न जिलों से लगभग 250 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच एमसीबी जिले की हरलीव कौर खनूजा ने 14 वर्ष से कम आयु वर्ग और 60 किलोग्राम वजन श्रेणी में स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं, 14 वर्ष से कम आयु के ही 50 किलोग्राम वजन श्रेणी में हर्षिता सिंह यादव ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की।

प्रशिक्षक ने भी जीता स्वर्ण पदक…….
खिलाड़ियों के साथ-साथ जिला कूड़ो संघ एमसीबी के सचिव और मुख्य प्रशिक्षक हेमलाल पनिका ने भी अपनी खेल भावना का प्रदर्शन करते हुए 50 वर्ष से कम पुरुष आयु वर्ग (पीआई-210) में स्वर्ण पदक प्राप्त किया। प्रतियोगिता में जिले के अन्य खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया, जिनमें सानिया सेन और चंचल बर्मन की भूमिका सराहनीय रही।
राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए मिली शुभकामनाएं
मुख्य प्रशिक्षक हेमलाल पनिका और संघ के सभी सदस्यों ने इस ऐतिहासिक जीत पर हर्ष व्यक्त किया है। पदक विजेता खिलाड़ियों को आगामी मई माह में होने वाली राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए शुभकामनाएं दी गई हैं, ताकि वे राष्ट्रीय स्तर पर भी जिले और परिवार का गौरव बढ़ा सकें।
