एमसीबी/25जनवरी 2026/
जिले में 26 जनवरी को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से शनिवार को आमाखेरवा ग्राउंड, मनेंद्रगढ़ में परेड एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की अंतिम रिहर्सल आयोजित की गई। कलेक्टर डी. राहुल वेंकट एवं पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह ने संयुक्त रूप से रिहर्सल का निरीक्षण कर कार्यक्रम से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। इस दौरान समारोह का मिनट-टू-मिनट अभ्यास कराया गया ताकि आयोजन पूर्णतः अनुशासित, समयबद्ध एवं गरिमामय रूप से संपन्न हो।


अंतिम रिहर्सल के दौरान जिले की कक्षा 10वीं की टॉपर छात्रा वंदना सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उनकी उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया। पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह ने परेड की सलामी ली तथा परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त कर टुकड़ियों की तैयारी, अनुशासन एवं तालमेल का जायजा लिया। रिहर्सल में विभिन्न परेड टुकड़ियों ने अभ्यास प्रदर्शन किया, वहीं स्कूली बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रभावशाली प्रस्तुति दी।


कलेक्टर डी. राहुल वेंकट ने बैठक व्यवस्था, मंच निर्माण, सुरक्षा प्रबंध, बैरिकेडिंग एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थल का सूक्ष्म निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने समारोह की समय-सारणी एवं अनुशासन का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया। इस अवसर पर जिला प्रशासन की एक नई पहल की भी जानकारी दी गई, जिसके तहत आगामी वर्षों में कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में टॉप करने वाले विद्यार्थियों को जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह 26 जनवरी को प्रातः 9 बजे आमाखेरवा ग्राउंड, मनेंद्रगढ़ में आयोजित होगा, जहां रायगढ़ सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों एवं समाजसेवियों को सम्मानित भी किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान जिला प्रशासन, पुलिस एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Spread the love