मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया राज्यव्यापी वर्चुअल लोकार्पण


एमसीबी/25 दिसंबर 2025/ भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर छत्तीसगढ़ में एक ऐतिहासिक आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर राज्य के 115 नगरीय निकायों में नवनिर्मित अटल परिसरों का एक साथ वर्चुअल लोकार्पण किया गया। राजधानी रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी अटल परिसरों का उद्घाटन किया। इस दौरान मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर सहित प्रदेश के सभी नगरीय निकाय वर्चुअली जुड़े रहे।

मनेंद्रगढ़ में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व संसदीय सचिव एवं जिला अध्यक्ष श्रीमती चम्पा देवी पावले ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदर्शी सोच ने भारत को विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता की दिशा दी। उन्होंने कहा कि अटल जी का सपना था कि गांव और शहर के बीच की दूरी समाप्त हो और विकास अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, जो आज साकार होता दिख रहा है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, छत्तीसगढ़ राज्य का गठन और मजबूत राष्ट्र निर्माण अटल जी की ऐतिहासिक देन है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि अटल जी की प्रेरणा से देश निरंतर प्रगति कर रहा है। वहीं नीरज अग्रवाल ने कहा कि अटल जी ने सुशासन को जनता से जोड़ने का कार्य किया।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़ की अध्यक्ष  प्रतिमा यादव, पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विरांगना श्रीवास्तव ने किया।

Spread the love