
एमसीबी/03 दिसंबर 2025/
शासकीय प्राथमिक शाला बरबसपुर, संकुल बरबसपुर में विद्यालय परिसर का उपयोग विवाह समारोह के लिए किए जाने के मामले पर जिला शिक्षा अधिकारी ने गंभीर संज्ञान लिया है। जानकारी के अनुसार 26 नवंबर 2025 को स्कूल प्रांगण में विवाह कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसके बाद परिसर में भारी मात्रा में कचरा और डिस्पोज़ल सामग्री फैली मिली। आयोजन के बाद साफ-सफाई की जिम्मेदारी भी पूरी नहीं की गई।
मामले को नियमों का स्पष्ट उल्लंघन मानते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने प्रधान पाठक रधुनाथ प्रसाद को कारण-बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में पूछा गया है कि विवाह आयोजन की अनुमति किस अधिकारी से ली गई अथवा प्रधान पाठक द्वारा स्वयं स्वीकृति दी गई।
अधिकारी ने दो दिवस के भीतर कार्यालय में उपस्थित होकर लिखित जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी है कि संतोषजनक जवाब न मिलने की स्थिति में प्रधान पाठक के विरुद्ध विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन इस घटना को शिक्षण संस्थानों के नियमों की अवहेलना मानते हुए गंभीरता से ले रहा है।
