कारगिल विजय दिवस पर शहीद जवानों को सम्मानित किया गया, मेजर शिवेन्द्र पाण्डेय ने किया बच्चों का प्रेरित

मनेन्द्रगढ़। वंदना शिशु शिक्षा निकेतन हायर सेकेंडरी स्कूल जनकपुर में कारगिल विजय दिवस के अवसर पर पूर्व सैनिक मेजर शिवेन्द्र पाण्डेय का सम्मान किया गया। संस्था प्राचार्य नीरजा सिंह ने कहा कि हमारे सैनिक भारत की शान हैं, यही कारण है कि देश सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि हम सुरक्षित हैं क्योंकि हमारे बहादुर सैनिक दिन-रात देश की रक्षा करते हैं।
इस अवसर पर मेजर शिवेन्द्र पाण्डेय का स्वदेशी मिट्टी से तिलक किया गया और बच्चों द्वारा निर्मित पुष्पगुच्छ भेंट किया गया। बालिकाओं ने मेजर पाण्डेय को स्व निर्मित राखी भी बांधी। मेजर पाण्डेय ने छात्र-छात्राओं को सैनिक जीवन की कठिनाइयों, देशभक्ति और देश के प्रति जवानों के समर्पण के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बच्चों को सेना में शामिल होकर देश सेवा करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में स्कूल के बच्चों द्वारा नृत्य, भाषण, नुक्कड़ नाटक एवं निबंध लेखन सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनमें देशभक्ति का भाव स्पष्ट रूप से झलकता था। प्राचार्य नीरजा सिंह ने सैनिकों की शहादत का महत्व बताते हुए कहा कि एक सैनिक करोड़ों लोगों की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर देते हैं, इसलिए उनका सम्मान सदैव किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम में शिक्षकों एवं छात्रों ने एकजुट होकर देशभक्ति की भावना को मजबूत किया और सभी ने सैनिकों के प्रति सम्मान व्यक्त किया। इस आयोजन ने बच्चों में देशभक्ति और सैन्य जीवन की महत्ता को समझने का अवसर प्रदान किया।



