बिलासपुर-रीवा एक्सप्रेस में यात्रियों के लिए अतिरिक्त एसी कोच, कंफर्म बर्थ मिलने की सुविधा बढ़ी

बिलासपुर। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा बढ़ाने और अधिक कंफर्म बर्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बिलासपुर-रीवा-बिलासपुर एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 18247/18248) में एक अतिरिक्त एसी-3 टियर एवं एक अतिरिक्त एसी-2 टियर कोच अस्थायी रूप से जोड़ने का निर्णय लिया है। यह अतिरिक्त सुविधा बिलासपुर से 27 जुलाई 2025 से 31 अक्टूबर 2025 तथा रीवा से 28 जुलाई 2025 से 1 नवम्बर 2025 तक मिलेगी।
रेलवे प्रशासन ने कहा कि इस निर्णय से यात्रियों को न केवल सीट आरक्षण में आसानी होगी, बल्कि ट्रेन में यात्रा का अनुभव भी अधिक आरामदायक और सुखद होगा। गर्मी एवं त्योहारी सीजन के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है।
प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान रेलवे द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा का आनंद लें। अतिरिक्त कोच जुड़ने से बिलासपुर एवं रीवा के बीच यात्रा करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।



