
चिरमिरी (मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर)। जिला चिकित्सालय MCB में संचालित ‘अटल आरोग्य लैब’ ने स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। लैब में जांच सुविधाओं का दायरा बढ़ाते हुए अब 136 प्रकार की पैथोलॉजी जांचें उपलब्ध कराई जा रही हैं, जबकि पहले यहां केवल 63 तरह की जांचें ही संभव थीं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे तथा सिविल सर्जन-सह-अस्पताल अधीक्षक डॉ. अभय प्रताप सिंह तोमर के मार्गदर्शन में यह विस्तार किया गया है। अत्याधुनिक उपकरणों और प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों के सहयोग से वर्तमान में लैब में प्रतिमाह 20,000 से अधिक जांचें सफलतापूर्वक की जा रही हैं।
जांच सुविधाओं के दोगुने से अधिक होने से स्थानीय मरीजों को बड़ी राहत मिली है। अब गंभीर व महत्वपूर्ण जांचों के लिए मरीजों को निजी लैब या अन्य शहरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं, जिससे उनके समय और धन दोनों की भारी बचत हो रही है। सरकारी स्तर पर इतनी बड़ी संख्या में सटीक और गुणवत्तापूर्ण जांचों की उपलब्धता जिले की स्वास्थ्य प्रणाली के प्रति आम जनता के बढ़ते भरोसे को दर्शाती है। यह पहल MCB जिले के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
