
मनेन्द्रगढ़:एम सी बी
छत्तीसगढ़ शासन लोक निर्माण विभाग द्वारा हाल ही में जारी एक प्रशासनिक आदेश के बाद, क्षेत्र के विकास और अधिकारों की सुरक्षा को लेकर स्वास्थ्य मंत्री एवं स्थानीय विधायक श्यामबिहारी जायसवाल पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट और कड़े शब्दों में संदेश दिया है कि मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले का हक और सम्मान किसी भी कीमत पर छिनने नहीं दिया जाएगा।
आदेश और प्रशासनिक स्थिति
लोक निर्माण विभाग, नवा रायपुर द्वारा 28 अक्टूबर 2026 को जारी आधिकारिक आदेश (क्रमांक/ESTB-102/1316/2026-PWD) के तहत, सेतु निर्माण उपसंभाग मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में कार्यरत समस्त अमले को आगामी आदेश तक स्थानीय कार्यालय के अंतर्गत ही कार्य संपादित करने के निर्देश दिए गए हैं। अवर सचिव मनराखन भूआर्य के हस्ताक्षर से जारी इस आदेश का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि स्थानीय स्तर पर चल रहे विकास कार्यों और प्रशासनिक कसावट में किसी प्रकार की रुकावट न आए।
जनता में संतोष का माहौल
स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल के इस मुखर और त्वरित रुख से मनेन्द्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र की जनता में यह विश्वास मजबूत हुआ है कि क्षेत्रीय हितों और अधिकारों की रक्षा के लिए शासन पूरी तरह मुस्तैद है। मंत्री जायसवाल ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उनके लिए जनता का हित और क्षेत्र की अस्मिता सर्वोपरि है।
