रेंज आईजी दीपक कुमार झा ने ली संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक
थाना और चौकी क्षेत्रों में बीट प्रणाली को मजबूत करने सहित कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के लिए दिए सख्त निर्देश


अंबिकापुर/सरगुजा:
पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा के नेतृत्व में रेंज के सभी पुलिस अधीक्षकों (एसपी) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में मुख्य रूप से जिलों की कानून व्यवस्था, लंबित अपराध, लंबित शिकायतें, मर्ग और एनडीपीएस (नशीले पदार्थ) के मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ की गई कार्रवाई की जिलेवार विस्तृत समीक्षा की गई।


लंबित मामलों का जल्द निपटारा करने के निर्देश
समीक्षा के दौरान लंबित अपराधों का अवलोकन करते हुए आईजी ने संबंधित पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित किया कि वे अपने जिला इकाई के राजपत्रित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करें। उन्होंने स्वयं के पर्यवेक्षण में लंबित मामलों का जल्द से जल्द निपटारा सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही, नए कानून के तहत दर्ज मामलों की निगरानी कर अन्य विभागों से तालमेल बैठाने और गुणवत्तापूर्ण विवेचना करते हुए लंबित मामलों को तेजी से सुलझाने के निर्देश दिए।


नशा और गौ-तस्करी पर ‘एंड-टू-एंड’ जांच
एनडीपीएस एक्ट के मामलों की समीक्षा करते हुए आईजी ने निर्देश दिए कि जिलों के राजपत्रित अधिकारियों के नेतृत्व में फाइनेंशियल एवं ‘एंड-टू-एंड’ (शुरुआत से अंत तक) जांच की जाए। अंतर-राज्यीय गैंग और कूरियर कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ बाहरी राज्यों से आ रहे प्रतिबंधित नशीले पदार्थों की सप्लाई चेन के खिलाफ पिट एनडीपीएस के तहत सख्त कार्रवाई की जाए। इसी प्रकार, गौ-तस्करी करने वालों के खिलाफ भी ‘एंड-टू-एंड’ जांच की जाए और तस्करी में इस्तेमाल वाहनों को राजसात (जब्त) करने के लिए संबंधित इकाई प्रमुखों से पत्राचार कर कार्रवाई पूरी की जाए।


कानून व्यवस्था को लेकर सख्त तेवर
रेंज स्तरीय समीक्षा के दौरान पुलिस महानिरीक्षक ने कानून व्यवस्था पर गहन चर्चा की। उन्होंने कहा कि जिलों में आपराधिक संदिग्धों, गुंडा-बदमाशों और जिला बदर अपराधियों पर पैनी नजर रखी जाए। देर रात तक होटल, ढाबों और संदिग्ध ठिकानों पर पुलिस की निगरानी बढ़ाई जाए। कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।


बीट सिस्टम को और मजबूत बनाने पर जोर
आम जनता से निरंतर जुड़े रहने और किसी भी परेशानी में पुलिस तक सूचनाएं पहुंचाने के उद्देश्य से जिलों में चल रहे बीट सिस्टम को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए गए। व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से बीट प्रभारियों को अपने क्षेत्रों के अधिक से अधिक ग्रामीणों और नागरिकों को जोड़ने के लिए कहा गया है।


सड़क हादसों में कमी लाने के लिए जागरूकता और कार्रवाई
बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण लगाने के लिए रेंज आईजी ने सख्त निर्देश दिए कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ मोटर व्हीकल (एमवी) एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की जाए। दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट और चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने के लिए अनिवार्य रूप से जागरूक किया जाए। इसके अलावा, दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी (ट्रिपल राइडिंग), स्टंटबाजी करने वालों और अमानक साइलेंसर का उपयोग करने वाले चालकों के खिलाफ परिवहन विभाग से समन्वय बनाकर लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
जशपुर पुलिस की सामुदायिक पुलिसिंग की सराहना
जशपुर पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से चलाए जा रहे यातायात जागरूकता अभियान की रेंज आईजी ने सराहना की। उन्होंने कहा कि इसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिल रहे हैं। आईजी ने अन्य जिलों को भी जशपुर की तर्ज पर सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
इस रेंज स्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान सरगुजा रेंज के सभी पुलिस अधीक्षक और आईजी कार्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।

Spread the love