मंडल रेल प्रशासन की अनूठी पहल; ट्रेनों के भीतर जाकर यात्रियों को पिलाया जा रहा शीतल जल


बिलासपुर | 5 मई 2026 भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान को देखते हुए बिलासपुर रेल मंडल ने यात्रियों की सुविधा के लिए एक सराहनीय मानवीय पहल शुरू की है। रेल प्रशासन के प्रोत्साहन पर मंडल के विभिन्न प्रमुख स्टेशनों पर समाजसेवी संस्थाओं और स्वयंसेवी संगठनों द्वारा ‘निःशुल्क प्याऊ’ केंद्रों की स्थापना की गई है, जिससे सफर कर रहे हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिल रही है।


इन स्टेशनों पर मिल रही सुविधा
रेलवे द्वारा रायगढ़, सक्ती, शहडोल, बीरसिंहपुर, बुढ़ार, बिजुरी, उमरिया और बेलपहाड़ जैसे प्रमुख स्टेशनों पर प्याऊ संचालित किए जा रहे हैं। खास बात यह है कि ये संस्थाएं न केवल प्लेटफॉर्म पर पानी उपलब्ध करा रही हैं, बल्कि ट्रेन के स्टेशन पहुँचते ही स्वयंसेवक कोचों के पास जाकर यात्रियों को शीतल जल पिला रहे हैं और उनकी खाली बोतलों को भी भर रहे हैं।
रेल प्रशासन का सक्रिय सहयोग
मंडल रेल प्रबंधक (DRM) श्री राकेश रंजन ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया है। वहीं, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अनुराग कुमार सिंह ने जानकारी दी कि गर्मी में पेयजल की बढ़ती मांग को देखते हुए प्रशासन निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि जो भी संस्था या व्यक्ति इस पुनीत कार्य में जुड़ना चाहता है, उन्हें रेलवे द्वारा त्वरित अनुमति प्रदान की जा रही है।
कैसे जुड़ सकते हैं इस मुहिम से?
रेलवे ने अपील की है कि इच्छुक संस्थान या व्यक्ति अपने नजदीकी स्टेशन के वाणिज्य निरीक्षक या स्टेशन प्रबंधक से संपर्क कर निःशुल्क प्याऊ स्थापित करने की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। प्रशासन का लक्ष्य है कि मंडल से गुजरने वाली किसी भी ट्रेन का कोई भी यात्री इस भीषण गर्मी में प्यासा न रहे।

Spread the love