मनेंद्रगढ़। जिले में जुआ और सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मनेंद्रगढ़ कोतवाली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने घुटरा-सलवा के घने जंगल में दबिश देकर 5 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इनके पास से ताश की गड्डियां और 57,000 रुपये नगद बरामद किए गए हैं।


मुखबिर की सूचना पर ग्रामीण वेशभूषा में पहुंची पुलिस
पुलिस के अनुसार, घुटरा के जंगल में जुआ खेले जाने की सटीक सूचना मिलने पर थाना कोतवाली और साइबर सेल की एक संयुक्त टीम गठित की गई। जुआरियों को भनक न लगे, इसके लिए पुलिस टीम ने अपनी पहचान छिपाते हुए ग्रामीण वेशभूषा धारण की और मुख्य मार्ग से लगभग एक किलोमीटर अंदर जंगल में पैदल सफर तय किया। पुलिस को साधारण ग्रामीण समझकर जुआरी भागने में सफल नहीं हो सके और घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया गया।

संतोष कुमार साण्डिल्य (32 वर्ष), निवासी सोनवर्षा, बरबसपुर।
निवेश कुमार खलखो (19 वर्ष), निवासी जोबा पारा, हर्रई।
भानु सिंह गोंड (36 वर्ष), निवासी छप्पन, टकाई, खोंगापानी।
विवेक मिश्रा (27 वर्ष), निवासी सेमरिया।
दिलीप कुमार (26 वर्ष), निवासी सेमरी।

पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 57,000 रुपये नगद, 4 नग ताश की गड्डियां और जुआ खेलने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला तिरपाल जब्त किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। साथ ही उनके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कदम भी उठाए गए हैं।

इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक विवेक पाटले (थाना प्रभारी कोतवाली), सहायक उपनिरीक्षक चेतन रजवाड़े, प्रधान आरक्षक रमेश, राजकुमार सेन और आरक्षक आजाद, ज्ञानेश्वर रजवाड़े, उतरा कश्यप व साइबर सेल से दीप तिवारी की मुख्य भूमिका रही। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Spread the love