रायपुर।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक में प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को मिशन मोड में सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मंत्री जायसवाल ने मोबाइल मेडिकल यूनिट की प्रभावी कार्यप्रणाली सुनिश्चित करने, आपातकालीन सेवाओं 102, 108 एवं 1099 को और अधिक सशक्त बनाने पर जोर दिया। साथ ही आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, आधुनिक डायग्नोस्टिक सुविधाओं की उपलब्धता और मानव संसाधन की शीघ्र भर्ती के निर्देश दिए।
उन्होंने ब्लॉक स्तर पर डायलिसिस यूनिट के विस्तार की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। मंत्री ने शासकीय अस्पतालों में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने, जांच सुविधाओं की गुणवत्ता बढ़ाने और ब्लड बैंक की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

Spread the love