एमसीबी/11 सितंबर 2026
राजनगर ओपेनकास्ट माइंस में डीजीएमएस (खान सुरक्षा महानिदेशालय) के निर्धारित मानकों की अनदेखी कर हॉल रोड और वर्किंग फेस में कम प्रकाश के बीच काम कराए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। जांच के दौरान किराए की डीजे लाइट लगाकर औपचारिकता पूरी कर धोखा देने की शिकायत पर प्रबंधन ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्थिति में स्थाई सुधार होने तक सूर्यास्त से सूर्योदय तक के उत्पादन कार्य पर रोक लगा दी है।


हिंद मजदूर सभा के प्रतिनिधि अख्तर जावेद उस्मानी ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने सुरक्षा मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता न करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए आरोप लगाया कि हसदेव क्षेत्र की खदानों में काम के दौरान होने वाली गंभीर चोटों की रिपोर्ट डीजीएमएस को नहीं दी जा रही है।

इसके साथ ही ठेका मजदूरों को लगने वाली चोटों को भी छुपाया जा रहा है और डि-पिलरिंग परमिशन का खुला उल्लंघन किया जा रहा है।


यूनियन नेताओं ने चेतावनी दी है कि खान परिसर में सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रबंधन की कार्यप्रणाली के खिलाफ इन मामलों के पुख्ता सबूत जुटाकर जल्द ही डीजीएमएस के समक्ष प्रस्तुत किए जाएंगे और दोषी अधिकारियों व ठेकेदारों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की जाएगी।

Spread the love