
मनेंद्रगढ़/एमसीबी। मनेद्रगढ़ के चैनपुर में जिला पंचायत भवन के भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के बयान पर पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने कड़ा पलटवार किया है। कमरो ने मंत्री के उस दावे को भ्रामक और झूठ बताया, जिसमें उन्होंने कहा था कि कांग्रेस ने केवल कागजों में जिला बनाया था।

पूर्व विधायक ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस सरकार ने न केवल जिले की वर्षों पुरानी मांग पूरी की, बल्कि पी.एस. ध्रुव और नरेंद्र दुग्गा जैसे कलेक्टरों तथा टी.आर. कोशिमा, सिद्धार्थ तिवारी व चंद्र मोहन सिंह जैसे पुलिस अधीक्षकों की पदस्थापना कर प्रशासनिक व्यवस्थाएं भी पूरी तरह स्थापित की थीं। कमरो ने सवाल उठाया कि 15 वर्षों की भाजपा सरकार और स्वयं मंत्री के विधायक रहते हुए नया जिला क्यों नहीं बनवाया गया?

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यदि कांग्रेस ने जिला निर्माण और मेडिकल कॉलेज जैसी बुनियादी प्रक्रियाएं पूरी कर बजट में शामिल नहीं किया होता, तो आज मंत्री इन कार्यों का भूमि पूजन नहीं कर रहे होते। कमरो ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता कांग्रेस शासन में स्वीकृत कार्यों का श्रेय लेकर अपनी वाहवाही लूट रहे हैं, जबकि जिले की जनता सच्चाई जानती है।
